- घर पर अंजाम भुगताने की धमकी देते भीड़ ने आरोपी दबोचा
- हिमांशु ने की थी भजन गायक अजय पाठक परिवार की हत्या
जनवाणी संवाददाता |
शामली: प्रसिद्ध भजन गायब अजय पाठक समेत परिवार के चार सदस्यों की हत्या करने के मामले में जेल में बंद हिमांशु सैनी के इशारे पर डा. हरिओम पाठक से पांच लाख रुपये की रंगादारी मांगने उनके पंजाबी कालोनी घर पहुंचें एक आरोपी को भीड़ ने दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। रंगदारी न देने पर आरोपी ने परिवार को भुगताने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक और मोबाइल बरामद किया है।
वर्ष 2019 में 30 दिसंबर की रात में शहर की पॉश कालोनी पंजाबी कालोनी में प्रसिद्ध भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहलता, बेटी वसुंधरा तथा बेटे भागवत की नृशंस हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने चौहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले हिमांशु सैनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी हुई सम्पत्ति बरामद कर हत्यारोपी को जेल भेज दिया था। तभी से हिमांशु जेल में बंद है। इस मामले का विचारण कैराना न्यायालय में चल रहा है।
इसी बीच जैसा कि आरोप है कि 21 फरवरी को एक युवक बाइक पर पंजाबी कालोनी पहुंचा। वहां उसने हरिओम पाठक से कहा कि वह हिमांशु सैनी के साथ जेल में बंद था। हाल में ही जेल से जमानत पर बाहर आया है। युवक ने धमकी देते हुए हरिओम पाठक से कहा कि वह अजय पाठक और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या के मामले में हिमांशु सैनी से फैसला कर लें।
साथ ही, हिमांशु के लिए पांच लाख रुपये भी दें। आरोपी युवक परिवार का फोन नंबर मांगते हुए मोबाइल से फोटो खींचने लगा। विरोध करने पर उसने गाली गलौज करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस पर आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए जिस पर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा लेकिन उसे लोगों ने दबोच लिया। उसके बाद पुलिस को सूचना दे दी। आदर्श मंडी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली। पुलिस ने उससे एक मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस को युवक ने पूछताछ में अपना नाम अभिषेक पुत्र सतेंद्र निवासी खुशहाली विहार, थाना आदर्श मंडी बताया है। आदर्श मंडी थाने पर हरिओम पाठक की थाना आदर्श मंडी पर तहरीर दी जिस पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा मामले में छानबीन की गई।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मामला संज्ञान में आते ही गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष आदर्श मंडी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। रविवर को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

