जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सेना की वर्दी पहनकर देशसेवा का सपना लेकर शनिवार को मुजफ्फरनगर और शामली के युवा डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। मुजफ्फरनगर की जानसठ तथा शामली की कैराना, शामली और ऊन तहसीलों के 1,260 अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए बुलाया गया था। इनमें 1,170 उपस्थित हुए और 945 ने दौड़ में सफलता हासिल की। भर्ती स्थल पर देर रात से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
दस्तावेजों की जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद युवाओं को निर्धारित समूहों में दौड़ के लिए मैदान में उतारा गया। सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच के अगले चरण से गुजरना होगा। सेना भर्ती कार्यालय मेरठ के अंतर्गत 17 अगस्त से शुरू हुई भर्ती रैली नौ सितंबर तक चलेगी।
एआरओ मेरठ के 13 जिलों के करीब 89 हजार युवाओं ने ऑनलाइन परीक्षा दी थी, जिनमें से 28,100 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं। सहारनपुर जिले के सामान्य ड्यूटी अभ्यर्थियों की परीक्षा एक सितंबर को होगी। स्टेडियम, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड समेत प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

