जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: बेहट क्षेत्र में अवैध खनन और खनन सामग्री के परिवहन को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खान निरीक्षक अभिलाष चौबे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि व्हाट्सएप पर ‘याराना’ और ‘सरकार’ नाम से ग्रुप बनाकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की लोकेशन साझा की जाती थी, ताकि खनन में लगे वाहनों को चेकिंग से बचाकर निकाला जा सके।
तहरीर में कई लोगों पर अधिकारियों की गतिविधियों की जानकारी ग्रुपों में साझा करने और कथित तौर पर इस काम के जरिए धन अर्जित करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में खनन वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी शामिल है।खान निरीक्षक ने आशंका जताई है कि इन गतिविधियों से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था। मामले की जांच उपनिरीक्षक बलवीर सिंह को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिक जानकारी के लिए पढ़िए है दैनिक जनवाणी।

