- गांव किवाना में हेलीकॉप्टर देखने को लगी रही भीड़
- सुरक्षा की दृष्टि से हेलीपेड पर पुलिस बल रहा तैनात
जनवाणी संवाददाता|
कांधला: गांव किवाना में एक दुल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचा। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए सारा दिन ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा। इससे पूर्व दुल्हन की बड़ी बहन की बारात लेकर भी दुल्हा हेलीकॉप्टर से आया था।
क्षेत्र के गांव किवाना निवासी जगबीर सिंह ने अपनी बेटी प्रिया की शादी बागपत के गांव बावली निवासी अक्षय पुत्र अजय तोमर के साथ तय की थी। सोमवार को गांव में बारात आई हुई थी। इस दौरान दुल्हा अक्षय अपनी पत्नी को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से गांव में पहुंचा। ग्रामीण मनोज पहलवान ने बताया कि हेलीकॉप्टर के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी।
उसके बाद गांव के बाहर एक खेत में हैलीपैड बनाया गया। सुबह के समय ही सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। ग्रामीण हेलीकॉप्टर की सैल्फी लेते रहे। शाम के समय दुल्हा हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन को लेकर रवाना हो गया। इससे पूर्व भी दुल्हन की बहन प्रीति की बारात भी हेलीकॉप्टर से आई थी।

