- 270 किलो मावा और 20 किलो रसगुल्ले किये नष्ट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मंगलवार को भी अभियान चलाकर मिलावट खोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने सैकड़ों कुंतल मावा व मिठाई नष्ट की व 20 से अधिक पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिये भेजे।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के आदेश के अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान के निर्देशन में विभाग की टीम का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्रा के नेतृत्व में कई टीमों ने छापा मारकर सैंपल एकत्र किये व सामान नष्ट कराया। पहली टीम ने शास्त्री नगर से कचरी के दो नमूना लिये व तथा 50 किलोग्राम कचरी जब्त की।
श्री राम फूड मोहकुमपुर से विनेगर तथा सोया सॉस का एक-एक नमूना लिया गया। दूसरी टीम ने सतपाल लड्डू वाले वाले रामगढ़ी से बेसन तथा बूंदी के लड्डू का एक एक नमूना लिया। जेल चुंगी से कचरी का नमूना लिया गया इसके अतिरिक्त 35 किलो ग्राम बेसन जब्त किया। तीसरी टीम ने लाला का बाजार से मावे के दो नमूने लिये और 270 किलोग्राम मावा नष्ट कराया।
स्टैंडर्ड स्वीट्स बागपत रोड से मावा तथा मैदा का एक एक नमूना लिया तथा चार कुंतल मैदा मूल्य को जब्त किया। मवाना और इंचौली में भी अभियान चलाकर बेसन, दूध आदि के सैंपल लिये गये और 20 किलो चमचम नष्ट कराई। टीम ने कुल 20 नमूने लिये जिनमें जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पाल, सुभाष मौर्या, रीना शर्मा, अश्विनी कुमार, अनिल कुमार, अनंत कुमार, स्वामीनाथ, सुनील कुमार, परमवीर सिंह, विशाल, विपिन, वैभव आदि शामिल रहे।

