जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बड़ा सियासी उलटफेर होता नजर आ रहा है। यूपी की योगी सरकार में कभी कैबिनेट मंत्री रहे ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था।
चुनाव प्रचार के दौरान भी यूपी से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार को उखाड़ फेंकने का दंभ भरते रहे ओमप्रकाश राजभर फिर से घर वापसी को तैयार हैं। सुभासपा फिर से बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन में वापसी को तैयार है।
ओमप्रकाश राजभर इस सिलसिले में गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही धर्मेंद्र प्रधान, सुनील बंसल से मुलाकात भी कर चुके हैं। माना जा रहा है कि ओमप्रकाश राजभर को सुभासपा के कोटे से योगी मंत्रिमंडल में मंत्री भी बनाया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक ओमप्रकाश राजभर ने अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और सुनील बंसल के साथ 18 मार्च की शाम मुलाकात हुई। ओमप्रकाश राजभर की इन नेताओं के साथ मुलाकात करीब घंटेभर चली।
हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। न तो बीजेपी और ना ही ओमप्रकाश राजभर ने ही इस संबंध में कोई बयान दिया है।

