जनवाणी संवाददाता।
बागपत: राजस्थान के गोगामड़ी से पूजा करके बदायूं जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप बागपत जनपद के बड़ा गांव के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई और एक बच्चे समेत चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 27 घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। घायलो को खेकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से कई को गंभीर हालत में रेफर कर दिया।
यह भीषण सड़क हादसा रात्रि में बड़ा गांव के निकट ईस्टर्न पेरीफ़ेरल एक्सप्रेस पर हुआ है। बदायूं जनपद में थाना उझानी के अलाहपुर गांव के श्रद्धालु पिकअप से राजस्थान में गोगामड़ी के दर्शन और पूजा करने गए थे। रात्रि में वह गोगामड़ी से वापस लौट रहे थे तभी अचानक उनकी पिकअप अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जिसमे सवार श्रद्धालुओ में से एक बच्चे समेत चार की मौत हो गई और 27 श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर एम्बुलेंस से घायलों को खेकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भिजवाया। डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जिला अस्पताल में भी दोनों ने घायलों से जानकारी ली। कई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से रेफर किया गया। सुबह तक भी मृतकों के नाम की जानकारी नहीं मिली थी। घायलों से अधिकारी उनके नाम और परिजनों की जानकारी करने में लगे हुए थे।

