- पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल, दो फरार, 30 किलो गोमांस बरामद
जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: क्षेत्र में मंदवाडा रोड पर शुक्रवार को सुबह क्राउन पब्लिक स्कूल के पास पुलिस व बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी फरार होने में कामयाब हो गए। मुठभेड में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना बुढ़ाना ने मंदवाड़ा रोड पर क्राउन पब्लिक स्कूल के पास बदमाशों की घेराबंदी की, जिसमें बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम नौशाद उर्फ बिलोरी पुत्र सफीक निवासी सफीपुर पट्टी कस्बा व थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर बताया। बदमाशों के कब्जे से 30 किलो गोमांस, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोका बरामद हुए।

मौके से फरार दो बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी गई है। मुठभेड़ के दौरान सिपाही अंकित शर्मा भी गोली लगने से घायल हो गए। बुढ़ाना एसएचओ ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए बदमाश पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम जैसी संगीन धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन अभियोग पंजीकृत है।

