- निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह आमिर ने तोड़ा दम
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: मेरठ-गढ़ मार्ग पर माछरा पुलिस चौकी के पास अज्ञात कार चालक रालोद के मेरठ जिलाध्यक्ष के भतीजे की बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में क्षतिग्रस्त होने के साथ युवक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से परिजन उसे मेरठ के निजि अस्पताल ले गए। जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
रालोद के मेरठ जिलाध्यक्ष मतलूब अहमद गौड़ का भतीजा आमिर (22) पुत्र कलवा बीती रात बाइक पर मेरठ से किठौर लौट रहा था। करीब 10:30 बजे माछरा पुलिस चौकी के निकट पहुंचते ही सामने से आ रहे अज्ञात कार चालक ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आमिर दूर जाकर पड़ा और उसके मुंह व कानों से खून जारी हो गया। वहीं बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के दौरान चालक कार लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने आमिर को मेरठ के निजि अस्पताल में भर्ती कराया जहां मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

