जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास 33 किलोमीटर माइलस्टोन पर दिल्ली से बिहार जा रही एक टूरिस्ट स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बस नोएडा से करीब 34 किमी आगे पहुंची थी, तभी केबिन से जलने की बदबू आने लगी। यात्रियों ने चालक-परिचालक को बताया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया और बीड़ी-सिगरेट पीते रहे। कुछ ही देर में ड्राइवर सीट के पास से तेज लपटें उठने लगीं और पूरी बस आग की चपेट में आ गई। कुछ यात्रियों ने कूदकर जान बचाई, लेकिन 9 लोग अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें बस धू-धू कर जलती दिख रही है।
यात्री सुनील कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद, निवासी हमीरपुर ने जेवर कोतवाली में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रेवल्स की बस संख्या BR32PA8647 में राठ जा रहे थे। बस में 30-35 यात्री सवार थे। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
CM योगी, राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। “रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे को हृदयविदारक बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि का ऐलान किया है।

