- सब्जियों से लेकर फलों तक के दाम बढ़े, रमजान में फलों की होती है अधिक बिक्री
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज से नवरात्र शुरू हो गये हैं और महंगाई का असर नवरात्र की थाली पर भी पड़ता नजर आ रहा है। आलू से लेकर सभी सब्जियां महंगी हो चुकी हैं। इसके अलावा फलों के दामों में भी तेजी के साथ वृद्धि हुई है। अब नौ दिन तक यही हाल रहने वाला है। उधर, फलों के दाम तो घटने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अब नवरात्र के साथ साथ रमजान भी शुरू हो रहे हैं। जिसका असर फलों के दामों पर पड़ा है। फलों के दाम भी आसमान छू रहे हैं।
महंगाई का असर कहीं पड़े न पड़े पर घर की रसोई पर जरूर दिखाई पड़ता है। अब नवरात्र शुरू हो चुके हैं तो नवरात्र में व्रत के दौरान खाया जाने वाला कुट्टू और अन्य फल व सब्जी के दाम भी आसमान छू चुके हैं। सभी चीजों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। उधर, फलों के दामों में भी पहले के मुकाबले तेजी देखी गई है।
यहां आज पहला नवरात्र शुरू हो गया है और अब नौ दिन तक सब्जियों और फलों के दाम कम नहीं होने वाले। फलों की बात की जाये तो फलों के दामों में तेजी रमजान और नवरात्र दोनों के चलते ही आई है। रमजान में फलों का अधिक सेवन किया जाता है और जो फल पहले 80 रुपये किलो था वह अब 140 रुपये किलो तक पहुंच चुका है। दाम एक फल पर नहीं सभी फलों पर एक साथ बढ़े हैं।
यही नहीं पूजा की सामग्री पर भी एकदम से तेजी देखी गई है। नारियल की बात की जाये तो पहले जो नारियल 30 रुपये का था वह नारियल अब 40 रुपये का मिला। इसके अलावा अन्य इस्तेमाल होने वाला सामान भी काफी हद तक महंगा हो गया है। अगर घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले सामान की बात की जाये तो ज्यादात सभी सामानों पर रेट बढ़े हैं। जिससे यह कहना ठीक होगा कि इस बार नवरात्र की थाली काफी महंगी पड़ने वाली है।
खाद्य पदार्थ दाम पहल दाम अब
कुट्टी आटा 100 120 रुपये प्रति किलो
आलू 20 रुपये 25 रुपये
खीरा 30 रुपये 40 रुपये प्रति किलो
संतरा 60 रुपये 80 रुपये किलो
सेब 80 रुपये 120 रुपये किलो
तरबूज 25 रुपये 30 रुपये किलो
खरबूजा 60 रुपये 80 रुपये किलो
केला 40 रुपये 60 रुपये दर्जन
होटलों और ढाबों पर खाना होगा महंगा
होटलों और रेस्टोरेंट संचालक अपने यहां खाने की वस्तुओं के दाम बढ़ाने की फिराक में हैं। आये दिन बढ़ रहे कमर्शियल सिलेंडरों के दामों का असर यहां देखने को मिल सकता है। शुक्रवार को भी कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जिससे एक बार फिर से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ सकते हैं। होटल एसोसिएशन भी दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं।
बता दें कि शुक्रवार को कमर्शियल सिलेंडर 2253 रुपये का मिला। पहले यह 2203 रुपये का था। शुक्रवार को इसमें 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई। बीते साल में ही सिलेंडर के दामों में 102 रुपये की कमी की गई थी और अक्टूबर 2021 में दामों में 91 रुपये बढ़ाये गये थे। इस प्रकार से बार बार दामों को बढ़ाया घटाया जा रहा है। जिसका असर बाजार में स्थित होटलों और रेस्टारेंट पर पड़ेगा।
एक मार्च को ही कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 105 रुपये की वृद्धि की गई थी। अब ठीक एक महीने बाद फिर से 250 रुपये की वृद्धि कर दी गई। घरेलू सिलेंडर पहले ही 950 रुपये का मिल रहा है, जिस कारण लोगों को घर चलाना तक मुश्किल पड़ता है। ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी उछाल आया है, जिसका असर सभी पर पड़ेगा।
बढ़ सकते हैं होटलों की थाली के दाम
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल ने बताया कि सरकार की ओर से लगातर कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों पर दाम बढ़ाये जा रहे हैं। जिससे आम आदमी को घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी बार बार उतार चढ़ाव हो रहा है।
होटलों में कमर्शियल सिलेंडरों का इस्तेमाल होता है और दिन में कई सिलेंडर तक लग जाते हैं। ऐसे में सिलेंडरों के दाम बढ़ने से खाने-पीने की चीजों पर भी दाम का असर होगा। यहां रेस्टोरेंट और होटलो में खाने की वस्तुओं के दाम बढ़ाने की तैयारी है। पिछले एक माह में ही 355 रुपये गैस सिलेंडर पर बढ़ा दिये गये हैं ऐसे में खाने पर दाम बढ़ने तय हैं।
फिर बढेÞ सीएनजी के दाम, सात रुपये प्रति किलो की वृद्धि
पेट्रोल और डीजल के दाम तो लगातार बढ़ ही रहे हैं, लेकिन किसी की नजर सीएनजी के दामों पर नहीं जा रही है। सीएनजी के दामों में भी गुरुवार की रात 12 बजे के बाद वृद्धि कर दी गई है। पहले जो सीएनजी 69 रुपये प्रति लीटर के आसपास थी। अब उसके दाम 76 रुपये 90 पैसे प्रति लीटर हो गये हैं। यह मेरठ में सीएनजी पंपों के दाम हैं। पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल-डीजल के दाम के साथ सीएनजी के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं।
अभी एक सप्ताह पहले की बात की जाये तो मेरठ में सीएनजी के दाम 66 रुपये प्रति लीटर के आस पास थे जो बढ़ाकर 69 रुपये हो गये। अब गुरुवार रात के बाद यानि शुक्रवार को सीएनजी के दाम सात रुपये तक बढ़ा दिये गये। अब यहां सीएनजी 76.90 रुपये प्रति लीटर है। डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार वृद्धि होने के बाद से खाद्य पदार्थों पर भी दाम बढ़ना तय है। अब नवरात्र भी शुरू हो गये हैं। जिससे पदार्थों के दामों में बढ़ोतरी काफी हद तक हो चुकी है।

