- कोल्डड्रिक पीने को लेकर हुई बहस में मारी थी गोली
- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल भी किया बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: तितावी थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम सैदपुरा में अबुजर हत्याकांड के आरोपी प्रशान्त उर्फ गोली को एक सूचना के आधार पर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आला-ए-कत्ल भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लिखापढी कर उसे जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि थाना तितावी क्षेत्र के सैदपुरा में अबुजर (15) शनिवार रात गांव में परचून की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने गया था। वहां पर किसी बात को लेकर उसकी प्रशांत उर्फ गोली से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि बहस होने के बाद प्रशांत अपने घर गया और तमंचा लाकर अबुजर के सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से अबुजर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामला अलग-अलग संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव फैल गया था। एसएसपी अभिषेक यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था।
पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने हमले के आरोपित प्रशांत उर्फ गोली पुत्र प्रदीप गांव सैदपुरा खुर्द मुकंदपुर की झाल राजवाहा किनारे से गिरफ्तार कर लिया।
बताया कि आरोपित से वह तमंचा भी बरामद कर लिया गया जिससे उसने अबुजर पर कातिलाना हमला किया था। तमंचे के साथ एक खोखा तथा 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किये गए।

