- मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए बदमाश पर था दस हजार का इनाम
जनवाणी संवाददाता|
मुजफ्फरनगर: पुलिस व बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार किये गये बदमाश के पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं तथा इस बदमाश पर दस हजार रूपये का इनाम भी घोषित था।
शहर कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस द्वारा जब क्षेत्र के पीनना बाईपास पर बाईक पर आ रहे एक युवक को रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस को देखकर बाईक भगा दी। पुलिस को बदमाश पर शक हुआ, तो उन्होंने उसका पीछा किया, जिस पर युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी अपनी सुरक्षा के चलते जवाबी फायरिंग की।
दोनों ओर से इस मुठभेड़ में कई राउंड फायरिंग की, जिसमें बाईक सवार युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी विकास भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेरकर युवक को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तंमचा, कारतूस व बाईक बरामद की है।

पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू पुत्र राजवीर निवासी भोकरहेडी थाना भोपा बताया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया बदमाश शातिर किस्म का बदमाश है ौर उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर, हत्या का प्रयास जैसी धाराओं में 18 मुकदमें पंजीकृत हैं। बदमाश से मुठभेड़ की सूचना मिलने पर सीओ सिटी कुलदीप कुमार सिंह सहित शहर कोतवाल आनंददेव मिश्रा भारी पुलिस बल केसाथ मौके पर पहुंच गये थे।

