- अवैध कब्जे से गंदा पानी गांव के रास्तों पर भरा
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: सरकार द्वारा तालाबों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में जगह-जगह बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं लेकिन क्षेत्र के गांव खेड़ी खुशनाम में तालाब पर लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। अवैध कब्जों के कारण पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई है जिससे सड़कों पर गंदा पानी
जमा है।
ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। सरकार द्वारा सभी अधिकारियों को तालाब व सरकारी भूमि से अवौ कब्जा हटाने के निर्देश दिये गए हैं निर्देशों के अंतर्गत अधिकारी अभि यान भी चला रहे हैं। अभियान के दौरान जगह-जगह बुलडोजर चलाकर सरकारी संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं लेकिन तहसील क्षेत्र में अभी तक बुलडोजर की कार्यवाही नहीं हुई है।
गांव खेड़ी खुशनाम में करीब 24 बीघे का तालाब है जिस पर ग्रामीणों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। अवैध कब्जों के कारण पानी की निकासी भी अवरुद्ध हो गई है। सड़कों पर एक से डेढ़ फुट तक पानी जमा है। जलभराव से ग्रामीणों को आने जाने में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यह हाल गर्मी के दिनों में हैं तो आगे बरसात का मौसम आएगा उसमें और भी बुरा हाल हो जाएगा। सड़कों पर जमा गंदा पानी से संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा उत्पन्न हो रहा है।
इस संबंध में ग्रामीण राजेंद्र, सुखबीर, गोविंद, करण सिंह आदि ने उप जिलाधिकारी विशु राजा से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उप जिलाधिकारी ने टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

