जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंपा। अनिल बैजल ने इसके लिए हालांकि निजी कारणों का हवाला दिया है।
पूर्व आईएएस अधिकारी बैजल को 31 दिसंबर 2016 को उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल इसी साल 30 दिसंबर को पूरा हो रहा था। उप-राज्यपाल बैजल और दिल्ली में शासित आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर हमेशा से ही तनातनी रही है। इस साल भी कोरोना की चौथी लहर के दौरान ऑड-ईवन नियम पर दिल्ली सरकार और एलजी में एकराय नहीं बनी थी। इस दौरान एलजी अनिल बैजल ने केजरीवाल सरकार के प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया था।
अब क्या होगा दिल्ली का समीकरण
सूत्रों के मुताबिक, बैजल को एक्सटेंशन मिलने की संभावना कम ही थी। हालांकि कुछ अधिकारियों के नाम सुर्खियों में आने भी लगे हैं। लेकिन, बहुत संभावना है कि इस बार दिल्ली में उपराज्यपाल राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को
लाया जाए।

