
01.. लालू यादव यादव की हालत नाजुक। दिल्ली ले जाने की तैयारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की तेजस्वी से बात।
पटना के पारस अस्पताल में भर्ती बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया जा रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी यादव से फोन पर चर्चा कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

02.. ममता बनर्जी की सांसद महुआ मोइत्रा ने टीएमसी का ट्विटर हैंडल किया अनफॉलो। भाजपा ने महुआ की गिरफ्तारी की उठाई मांग।
सांसद महुआ मोइत्रा ने फिल्म ‘काली’ के पोस्टर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिससे ममता की पार्टी टीएमसी ने किनारा कर लिया। इससे नाराज सांसद महुआ ने अपनी ही पार्टी के ट्विटर हैंडल को अनफॉलो कर दिया। उधर, भाजपा ने टीएमसी पर मां काली का अपमान करने का आरोप लगाया है।

03.. हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के मणिकर्ण में फटा बादल। एक महिला समेत पांच लोग हुए लापता, किन्नौर में भूस्खलन से एनएच-5 बंद।
हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा रखी है। कुल्लू जिले के मणिकर्ण में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। छलाल पंचायत के प्रधान चुनीलाल के मुताबिक बादल फटने से चोज में एक होमस्टे, कैंपिंग साइट और एक पैदल पुल बाढ़ की चपेट में आने से बह गया है। हादसे में चार लोग भी बह गए हैं। सभी मजदूर बताए जा रहे हैं। वहीं, किन्नौर जिले में भूस्खलन से एनएच-5 बंद हो गया है।

04.. मुंबई में भारी बारिश व भूस्खलन से मची तबाही। सड़कों पर जाम, लोकल व बसों पर भी पड़ा असर।
मुंबई में भारी बारिश व भूस्खलन के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बुधवार को कई सड़कों पर जलजमाव होने से ट्रैफिक जाम हो गया। लोकल ट्रेनों व बेस्ट बसों के आवागमन पर भी असर पड़ा है।

05.. 2024 के आम चुनाव से पहले आधार कार्ड से जुड़ेगी मतदाता सूची। आधार नंबर न देने पर नहीं हटाई जाएगी जानकारी।
वर्ष 2024 के आम चुनाव से पहले मतदाता सूची से आधार कार्ड को जोड़ दिया जाएगा। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने अभियान चलाकर 31 मार्च, 2023 तक सौ फीसदी मतदाताओं से स्वैच्छिक तरीके से आधार नंबर जुटाने का लक्ष्य तय किया है। चुनाव आयोग के प्रधान सचिव अजोय कुमार ने राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

06.. दूसरी बार दूल्हा बनेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान। कल डॉ. गुरप्रीत से शादी रचाएंगे शादी, पहली पत्नी को दे चुके हैं तलाक।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दूसरी बार शादी के करने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भगवंत मान गुरुवार को चंडीगढ़ में डॉ गुरप्रीत कौर से शादी करेंगे। इससे पूर्व भगवंत मान अपनी पत्नी को तलाक दे चुके हैं।

07.. डीजीसीए ने स्पाइसजेट कंपनी को भेजा नोटिस। पिछले 18 दिनों में खराबी की आठ घटनाओं पर किया जवाब तलब।
स्पाइसजेट विमानों में लगातार आ रही खराबी के बाद नागरिक उड्डयन महानियंत्रक डीजीसीए की तरफ से बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीजीसीए की तरफ से यह कदम पिछले 18 दिनों में तकनीकी खराबी की आठ घटनाओं के बाद उठाया गया है।

08.. सिख विरोधी दंगा केस में एसआईटी ने कानपुर में पांच जगह की छापेमारी। मंगलवार देर रात्रि में दो आरोपियों को दबोचा।
सिख विरोधी दंगों के आरोपियों की तलाश में मंगलवार देर रात एसआईटी ने पांच अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम सिद्ध गोपाल गुप्ता उर्फ बब्बू और जितेंद्र कुमार तिवारी है। बताते चलें कि 31 अक्तूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए दंगों में शहर में 127 सिखों की हत्या की गई थी। जिसकी जांच एसआईटी कर रही है।

09.. चार महीने बाद कल यानी गुरूवार को वाराणसी आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। वाराणसीवासियों को देंगे 18 सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। करीब सवा चार घंटे तक पीएम मोदी वाराणसी में ही रहेंगे। काशी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 सौ करोड़ रुपये की सौगात देंगे। पीएम के हाथों मिलने वाली सौगात से बदलते बनारस की सूरत में चार चांद लगेंगे।

10.. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि। बोले- देश की एकता, अखंडता की अक्षुण्णता को प्रखर स्वर प्रदान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्होंने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का उद्घोष कर भारत की एकता व अखंडता की अक्षुण्णता को प्रखर स्वर प्रदान किया।

11.. कानपुर डबल मर्डर केस में हुआ सनसनीखेज खुलासा। गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां-बाप का गला रेता।
कानपुर की बर्रा-2 ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में सोमवार देर रात गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने माता-पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। पुलिस का दावा है कि प्रॉपर्टी हथियाने के लिए माता-पिता की हत्या की।

12.. फिल्म काली पर विवाद गहराया, हनुमानगढ़ी के पुजारी ने भी दी धमकी। बोले- क्या चाहते हो तुम्हारा भी सिर तन से जुदा कर दिया जाए…।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म काली में मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है जिसको लेकर पूरे देश में आक्रोश है। हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास ने फ़िल्म निर्माता को धमकी तक दे डाली है। कहा है कि क्या चाहते हो तुम्हारा भी सर तन से जुदा हो जाए … क्या यही इच्छा है तुम्हारी।

13.. मेरठ के सरधना में दो ट्रकों में हुई भीषण टक्कर। दोनों चालकों की मौत, ग्राइंडर से काटकर निकाले गए शव।
मेरठ में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी में फंसे चालकों को निकालने के लिए भी क्रेन से एक घंटे लगा। इसके बाद भी ग्राइंडर से काटकर चालकों के शव निकाले गए।

14.. बिजनौर में भीषण गर्मी के कारण जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छह की दो छात्राएं हुईं बेहोश। आधे घंटे आया छात्राओं को होश, बिजली आपूर्ति है ठप।
बिजनौर जिले के धामपुर थानाक्षेत्र स्थित शेरकोट के एक जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छह की दो छात्राएं बेहोश हो गईं। स्कूल में मौजूद शिक्षिकाओं ने छात्राओं को पानी छिड़ककर उन्हें राहत दी। बताया गया कि छात्राओं को करीब आधा घंटे बाद होश आया। इसके बाद उन्हें परिजनों के साथ उनके घर भेज दिया गया। स्कूल की शिक्षिकाओं ने बताया कि जिस समय छात्राएं बेहोश हुईं उस समय बिजली आपूर्ति ठप थी। बिजली के पंखे भी बंद थे।
15.. मेरठ में आज एमडीए ने फिर चलाया बुलडोजर। बागपत रोड पर कई संपत्तियों को किया जमींदोज।
मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र इलाके में बागपत रोड पर बनाई गई अवैध दुकानों पर एमडीए की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमींदोज कर दिया।

16.. भोपाल में भी ममता की सांसद महुआ मोइत्रा पर दर्ज हुआ एफआईआर।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बोले- देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘काली’ को लेकर मां काली पर विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर भोपाल में एफआईआर दर्ज हुई है। मोइत्रा ने मां काली को मदिरा और मांस स्वीकार करने वाली देवी बताया था।

17.. जम्मू-कश्मीर की बिजली परियोजना को लेकर देशभर में 16 ठिकानों पर छापेमारी। पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने उठाया था रिश्वत का मुद्दा।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक बिजली परियोजना से जुड़े रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई ने आज देशभर में 16 स्थानों पर छापे मारे हैं। यह मामला जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने उठाया था।

18.. वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान। शिखर धवन को मिली कमान तो रवींद्र जडेजा को बनाया गया उपकप्तान।
वेस्टइंडीज़ दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। शिखर धवन को इस दौरे के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है, तो वहीं रवींद्र जडेजा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। यहां तीन वनडे मैच खेले जाने हैं।

19.. मेरठ जिले के कंकरखेड़ा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़। तीन को लगी गोली, बड़ी मात्रा में चोरी के बिजली के सामान बरामद।
मेरठ जिले में कंकरखेड़ा खिर्वा रोड पर मुठभेड़ के दौरान एसओजी टीम और कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। तीनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। बुलंदशहर का रफीक अहमद, लोनी गाजियाबाद का अमन और तीसरा कंकरखेड़ा चमन विहार का निवासी है। इनके अन्य 10 साथियों को पुलिस ने सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिकअप गाड़ी, दो छोटा हाथी टेंपो बरामद किए हैं, जिनके अंदर चोरी किया बिजली का तार और बड़े टावर का सामान भरा है। साथ ही पुलिस ने इनके पास से एक आई-20 कार, एक अपाची मोटरसाइकिल और एक गैस सिलेंडर भी बरामद किया है।

20.. 14 से 27 जुलाई तक सड़कों पर रूट देखकर निकलें यात्री। मेरठ में नहीं घुसने पाएंगे हरियाणा के वाहन।
मेरठ में कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने 14 तारीख की रात 12 बजे से 27 जुलाई की शाम छह बजे तक दिल्ली-दून हाईवे समेत वेस्ट यूपी की महत्वपूर्ण सड़कों के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है।

