- आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रतिभा खोज
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उप्र सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा अपनी विविध स्वायत्तशासी संस्थाओं के माध्यम से विभिन्न प्रदर्शनकारी कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य निरन्तर किया जाता है। ऐसी प्रदर्शनकारी सांस्कृतिक विधाओं लोक गायन, लोकनृत्य, लोकवादन, आदिवासी नृत्य, आल्हा गायन, लोकनाट्य, रामलीला, रासलीला, भजन एवं कीर्तन, ललित कला आदि के प्रतिभावान कलाकारों की खोज के लिए सांस्कृतिक प्रतिभा खोज का आयोजन जिला स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है।
इस संबंध में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी, संतोष कुमार सिंह की अयक्षता में उनके कार्यालय पर उक्त आयोजन के के लिए गठित निर्णायक मंडल के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णायक मंडल के अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी, संतोष कुमार सिंह द्वारा निर्णायक मंडल के सदस्यों को जिला स्तर पर सांस्कृतिक प्रतिभा खोज का आयोजन किया जाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सदस्य सचिव के रूप में अपर जिला सूचना अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि सांस्कृतिक प्रतिभा खोज आयोजन के लिए कलाकारों को अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में करना होगा। आवेदन जिला सूचना कार्यालय शामली या संस्कृति विभाग उप्र की वेबसाइट पर भी प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन जिला सूचना कार्यालय शामली में जमा किए जा सकेंगे। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

