जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गुजरात के बोतड़ जिले में नकली शराब पीने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 40 से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन पर नकली शराब बनाने और बेचने का आरोप है।
गुजरात के डीजीपी आशीष भाटिया ने कहा, “हिरासत में रखे गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।” इससे पहले एक मृतक की पत्नी ने कहा था कि उसके पति की तबियत रविवार रात को नकली शराब पीने के बाद ही बिगड़नी शुरू हुई। नकली शराब पीने की वजह से अस्पताल में भर्ती हिम्मतभाई नाम के एक शख्स ने कहा कि कई लोग बीमार हुए हैं।
बोतड़ जिले के रोजिंद, अणीयाणी, आकरू, चंदरवा, उंचडी गांवों के लोगों के जहरीली शराब पीकर बीमार होने की खबर है। सभी गांवों में कोहराम मचा हुआ है। उधर, भावनगर रेंज के आईजी अशोक कुमार यादव ने शाम को ही बोतड़ के सिविल अस्पताल का दौरा किया। उन्होने कहा कि मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है, जो कि डीएसपी रैंक की अफसर की निगरानी में काम करेगी।
गौरतलब है कि गुजरात में शराब पर पूरी तरह बैन लागू है। यहां बॉम्बे प्रोहिबिशन एक्ट, 1949 के तहत पुलिस शराब खरीदने, पीने और इसे रखने वालों पर कार्रवाई कर सकती है। दोषी पाए गए लोगों को तीन महीने से लेकर पांच साल तक की जेल की सजा का भी प्रावधान है।

