- सुबह करीब साढ़े चार बजे तेज बारिश में गिरी छत
- महिला के पति को भी आयी चोट, शव को पोस्टमार्टम को भेजा
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: कैराना के गांव कंडेला निवासी परविंद्र कोरी मन्ना माजरा स्थित सीसी टाइल्स बनाने की फैक्ट्री में मजदूरी करता हैं। शुक्रवार सुबह परविंद्र व उसकी पत्नी कविता (38) और दो छोटी बेटियां नीचे कमरे के अंदर सोई हुई थी जबकि एक बेटा कमरे के बाहर लेटा था। ऊपरी मंजिल का कमरा खाली था। सुबह करीब साढ़े 4 बजे तेज बारिश के चलते ऊपरी मंजिल के कमरे की कच्ची छत गिर गई।
छत के वजन के कारण नीचे की मंजिल के कमरे की सीमेंट की सिली की छत भी गिर गई। जिस कारण महिला कविता छत के मलबे के नीचे दब गई। जबकि परविन्द्र के पैरों के ऊपर भी छत का मलबा गिरने से वह घायल हो गया। चीख पुकार मचने पर पड़ोस के लोगों ने मलबे को हटाया और कविता को मलबे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक कविता की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर हल्का दरोगा जयकिशोर मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। सूचना पर हल्का लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान के बारे में जानकारी ली। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि दैवीय आपदा के कारण हुई मौत के मुआवजे के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

