जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान AI-2379 में हुई गंभीर टर्बुलेंस की घटना की जांच में नया मोड़ सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, विमान के कमांड में रहे पायलट के दिल्ली पहुंचने के बाद कराए गए अनिवार्य डोप टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस मामले पर एअर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामले की जांच नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) कर रहा है।
टर्बुलेंस के दौरान करीब 300 फीट नीचे आया विमान
AI-2379 एयरबस A320 विमान था, जो फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहा था। सफर के दौरान विमान अचानक गंभीर टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। इस दौरान विमान की ऊंचाई में करीब 300 फीट तक की गिरावट दर्ज की गई।
तेज झटकों के कारण विमान में सवार कई यात्री और चालक दल के सदस्य अपनी सीटों से उछल गए और घायल हो गए। घटना के बावजूद विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। DGCA इस पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच के दौरान विमान के ब्लैक बॉक्स सहित अन्य तकनीकी और परिचालन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
4 अगस्त को एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 फुकेट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान अचानक गंभीर टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। टर्बुलेंस के चलते कई यात्री और क्रू सदस्य घायल हुए। घटना के दौरान विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट तक कम हुई। विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान में कुल 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। दिल्ली पहुंचने के बाद कमांड पायलट का अनिवार्य डोप टेस्ट कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामले की जांच DGCA कर रहा है।

