- पिता-पुत्र थानाभवन मंडी में बाइक से सब्जी खरीदने जा रहे थे।
जनवाणी संवाददाता |
गढीपुख्ता: क्षेत्र के गांव दुल्लाखेडी निवासी सुखपाल (51) पुत्र बुच्चा और उसका पुत्र रोहित सोमवार की अलसुबह बाइक पर सवार होकर थानाभवन मंडी में सब्जी खरीदने जा रहा था। जब वे थानाभवन क्षेत्र के गांव मरगूबगढ के निकट पहुंचे तभी खेत से एक गाय अचानक निकलकर बाइक के सामने आ गई जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को थानाभवन सीएचसी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें शामली रैफर कर दिया लेकिन शामली से भी चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ मेडिकल के लिए भेज दिया, जहां सोमवार की रात उपचार के दौरान सुखपाल ने दम तोड़ दिया जबकि उसके पुत्र रोहित को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दूसरी ओर, पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के लिए पोस्टमार्टम को भेज दिया। मंगलवार की दोपहर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जिसके बाद मृतक का गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

