जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/खरखौदा: कस्बे के सैकड़ों किसानों ने विद्युत उपकेंद्र द्वितीय पर पहुंच कर ट्यूबैलो पर विद्युत मीटर लगाने के विरोध में हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीओ का घेराव कर ट्यूबैलो पर विद्युत मीटर न लगाने की मांग की। वहीं विद्युत कर्मचारियों ने किसानों पर मारपीट की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस की मौजूदगी में एसडीओ द्वारा मीटर न लगाने के आश्वासन पर किसान मन गए।
सरकार द्वारा किसानों ने ट्यूबैलो पर विद्युत विभाग द्वारा विद्युत मीटर लगाए जा रहे हैं। वहीं कस्बे के किसानों के ट्यूबैलो पर विद्युत मीटर लगाने पहुंचे विभाग के कर्मचारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। कस्बे के सैकड़ों किसानों उल्धन मार्ग पर स्थित विद्युत उपकेंद्र द्वितीय पर पहुंचे और ट्यूबैलो पर विद्युत मीटर लगाने को लेकर हंगामा करने लगे। किसानों द्वारा हंगामे की सूचना पर पहुंचे एसडीओ भरत लाल वर्मा का किसानों ने घेराव कर लिया।
बिजली घर पर किसानों द्वारा हंगामे की सूचना विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों व पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और हंगामा कर रहे किसानों को शांत किया। वहीं पुलिस की मौजूदगी में एसडीओ द्वारा किसानों को मीटर न लगाने के आश्वासन मिलने पर किसान अपने अपने घर चले गए। वहीं बिजली विभाग के अवर अभियंता प्रवेश कुमार ने कई किसानों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। इस मौके पर शौराज त्यागी, रामकुमार त्यागी, देवेंद्र त्यागी, अमरीश त्यागी, अश्वपति त्यागी आदि मौजूद रहे।

