- हरियाली और खुशनुमा माहौल के लिए जाना जाता है सर्किट हाउस
- अवस्थापना निधि से हो रहा वॉकिंग ट्रैक का निर्माण, सुंदरता में लगेंगे चार चांद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हर तरफ धूल व प्रदूषण के कारण आजकल स्वच्छ वातावरण मिल जाए तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। इसके साथ ही ताजा फूलों की खुशबू और पक्षियों के चहचहाने के बीच अगर आपको एक ऐसे ट्रैक पर वॉकिंग करने का मौका मिले जो विशेष तौर पर घूमने आने वालों के लिए ही बनाया गया है तो यह सोने पर सुहागा होगा। ऐसा ही वॉकिंग ट्रैक शासन द्वारा सर्किट हाउस में तैयार कराया जा रहा है जो 18 सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
शासन द्वारा अवस्थापना निधी से सर्किट हाउस में 27 अगस्त से वॉकिंग ट्रैक तैयार कराना शुरू किया है जो जल्द ही पूरा होने जा रहा है। इस वॉकिंग ट्रैक की लंबाई दो सौ मीटर से ज्यादा है। टैÑक का निर्माण लाल पत्थर, इंटरलॉकिंग टाइल्स व कर्व पत्थरों से हो रहा है जो इसकी खूबसूरती को और बढ़ाएंगे। इस टैÑक की चौड़ाई शुरूआत व अंत में साढ़े आठ मीटर रखी गई है।

जबकि बीच में इसकी चौड़ाई साढ़े पांच मीटर होगी। इसके साथ ही बराबर में एक नाली का भी निर्माण किया जा रहा है जिसमें स्वच्छ पानी हर समय बहता रहेगा जिससे दोनो ओर लगे पौधों को भी पानी मिलता रहेगा। अंत में ट्रैक के दोनों तरफ लगने वाली कर्व टाइल्स पर पेंटिंग कराई जाएगी जिससे यह और भी खूबसूरत नजर आएगा। इसके साथ ही ट्रैक के दोनों ओर बैठने के लिए बैंच लगाई जाएंगी जिन पर ग्रेनाइट पत्थर लगाए जाएंगे। लाल व पीली टाइल्स टैÑक की सुंदरता को और बढ़ाएंगी जिससे यहां घूमने आने वाले लोगो को खुशनुमा माहौल मिलेगा।
अवस्थापना निधी से तैयार हो रहे इस वॉकिंग ट्रैक का बजट करीब 32 लाख रखा गया है। वहीं, इस संबंध में निर्माण ठेकेदार नरेंद्र शर्मा का कहा है कि वॉकिंग ट्रैक का निर्माण 18 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है, उम्मीद है कि यह इससे पहले ही तैयार हो जाएगा। जितना बजट शासन से स्वीकृत हुआ है उससे कम में ही तैयार करने की कोशिश है। यह ट्रैक सर्किट हाउस की खूबसूरती को ओर बढ़ाएगा।

