नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सिनेमा और टेलीविजन जगत ने एक और अनुभवी कलाकार को खो दिया है। फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेत्री आशा सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह पिछले करीब तीन महीनों से फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रही थीं। लंबे समय तक बीमारी से संघर्ष के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
निधन से परिवार और प्रशंसकों में शोक
आशा सिंह भारतीय मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने कई दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन में काम किया और अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उनके निधन की खबर से परिवार, करीबी दोस्तों, सहकर्मियों और उनके अभिनय को पसंद करने वाले प्रशंसकों में शोक की लहर है।
अभिनय के दम पर बनाई अलग पहचान
आशा सिंह 1970 के दशक से हिंदी फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में सक्रिय थीं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाईं और अपनी अभिनय क्षमता की छाप छोड़ी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशा सिंह को बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में कृपी की भूमिका निभाने के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। मनोरंजन जगत में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।

