जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय और एडेड स्कूलों में कार्यरत 3.53 लाख रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में 11 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं, जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर रसोइयों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान रसोइयों के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाओं का जिक्र किया। इनमें मानदेय में वृद्धि, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा और ड्रेस के लिए मिलने वाली धनराशि को दोगुना करना शामिल है। साड़ी खरीदने के लिए अब 500 रुपये के बजाय 1000 रुपये दिए जाएंगे।
एसबीआई में खुलेगा खाता, सीधे पहुंचेगा मानदेय
सीएम योगी ने कहा कि अब रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। रसोइयों के एसबीआई में खाते खुलवाए जाएंगे और मानदेय सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा। दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रसोइये स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उनके स्वास्थ्य और भविष्य में योगदान दे रहे हैं। सरकार ने उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा है। पहले जहां लकड़ी पर खाना बनाया जाता था, वहीं अब स्कूलों में शत-प्रतिशत रसोई गैस का इस्तेमाल हो रहा है।
परिवार के इलाज के लिए पांच लाख तक कैशलेस सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि रसोइयों और उनके परिवार को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। परिवार में किसी के बीमार होने पर इंपैनल्ड अस्पताल में हर साल पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज कराया जा सकेगा।
ब्रजेश पाठक ने स्थानीय अंदाज में किया संवाद
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रसोइयों से स्थानीय अंदाज में संवाद किया। उन्होंने कहा कि पहले रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये था, जिसे बढ़ाकर तीन हजार रुपये किया गया है। उन्होंने सरकार की स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा योजनाओं का भी जिक्र किया।
अपने संबोधन के दौरान पाठक ने 2027 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार के कामकाज की तुलना परीक्षा से करते हुए लोगों से 2027 में सरकार के काम का मूल्यांकन करने की अपील की।
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, जबकि उनकी सरकार में गुंडा-माफिया पर कार्रवाई हुई है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों की व्यवस्थाओं में भी बदलाव आया है। बच्चों को दो यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ उन्हें भोजन उपलब्ध कराने वाले रसोइयों के हितों और सम्मान की भी रक्षा करना है।
इससे पहले शनिवार को महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को रसोइया सम्मान समारोह बेहतर ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।अ

