जनवाणी संवाददाता |
नई दिल्ली: सोमवार को देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित हवा वेस्ट यूपी के जिला मेरठ की रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी 162 शहरों की सूची में प्रदूषण के मामले में मेरठ नंबर एक पर रहा। औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 339 रहा तो शाम सात बजे 345 पहुंच गया। शहर की गंगानगर आवासीय कॉलोनी में यह 425 दर्ज किया गया।
प्रदूषण पर काबू के लिए एक अक्टूबर से ही गेप गेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) लागू किया गया था। इसके बावजूद दिन पर दिन वायु प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है। आसपास के जिलों के हालात भी ठीक नहीं। मुजफ्फरनगर 318 एक्यूआई के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
वहीं शामली 305 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। सुबह व शाम के समय में प्रदूषण के चलते स्मॉग का असर भी दिखाई देने लगा है। लोगों को हवा में धूल और धुएं के कणों की वजह से आंखों में जलन व सांस लेने में तकलीफ हुई। मेरठ-पौड़ी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर निर्माण कार्य चल रहा है। इस वजह से गंगानगर कॉलोनी की हवा सोमवार को शहर में सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। पल्लवपुरम में एक्यूआई 305, जयभीमनगर में 304 दर्ज किया गया।
चिकित्सकों की सलाह है कि एक्यूआई ज्यादा होने की वजह से सुबह-शाम सैर पर न जाएं। यदि बाहर निकल रहे हैं तो मॉस्क पहनें। सांस में तकलीफ और आंखों में जलन की स्थिति में डॉक्टर को दिखाएं।
सोमवार को दिन का तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.2 दर्ज किया गया। सुबह व शाम में ठंड का एहसास बना हुआ है। दोपहर में धूप का असर भी कम होने लगा है।
शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक
| क्रमांक | शहर | वायु गुणवत्ता सूचकांक |
| 01 | दिल्ली रोड | 304 |
| 02 | बेगमपुल | 315 |
| 03 | केसरगंज | 290 |
| 04 | पल्लवपुरम | 305 |
| 05 | गंगानगर | 425 |
| 06 | जयभीमनगर | 304 |
| 07 | तेजगढ़ी चौराहा | 312 |
| 08 | मेडिकल | 303 |
| 09 | बच्चा पार्क | 318 |

