जनवाणी संवाददाता |
मीरापुर: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मीरापुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को एकता दिवस के रुप में मनाया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल भारत के स्वतंत्रता सेनानी रहे एवं भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री भी थे। जयंती को मनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा एकता दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ कुतुबपुर की नहर से शुरू होकर शिखर शिक्षा सदन स्कूल मीरापुर तक कराई गई।
यूनिटी रन का शुभारम्भ थानाध्यक्ष इं. विनोद कुमार, बीजेपी मंडल अध्यक्ष सचिन ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य प्रद्युमन वैद्य, गौरव त्यागी, विद्यालय के डायरेक्टर राजेश शर्मा एवं प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर शुरू कराया। इस एकता दौड़ को लेकर बच्चों में उत्साह दिखाई पड़ा। दौड़ को क्रमशः चार वर्गों जूनियर बालक वर्ग एवं बालिका वर्ग सीनियर बालक वर्ग एवं बालिका वर्ग में कराया गया। विद्यालय के अध्यापक प्रताप सिंह, कपिल कुमार, गोविंद सिंह, कुलवीर कुमार एवं अध्यापिका ज्योति शर्मा एवं मीनू रानी ने भी दौड़ को पूरा किया। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र से सुनील कुमार जिनका ऑल इंडिया मैराथन 2007 में 20वां स्थान रह चुका है, ने भी इस दौड़ को भरपूर उत्साह के साथ पूरा किया।
पुलिस प्रशासन के सहयोग के बिना इस दौड़ को पूरा कराना विद्यालय के लिए असंभव था। शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मीरापुर क्षेत्र की जनता का भी धन्यवाद करता है, जिन्होंने ट्रैफिक रुकने पर अपने विवेक को बनाए रखा तथा सभी दौड़ने वाले बच्चों का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। इस दौड़ में जूनियर बालिका वर्ग में पलक 7, अवर्णिका 8, पूजा 8, सीनियर बालिका वर्ग में अमनदीप कौर 10, सिया 9, लवप्रीत कौर 10, जूनियर बालक वर्ग में सोनू 7, कार्तिक पाल 7, अंकुश 7, सीनियर बालक वर्ग में प्रियांशु पाल 11, तुषार कपासिया 9, शुएब 9 क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
सभी विजेता विद्यार्थियों को स्कूल चेयरमैन पंडित सुशील कुमार शर्मा ने मेडल व सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन व उनके द्वारा किए गए कार्यों के बारे में सभी विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक फिरोज खान ने किया।

