- 6 दिसम्बर को होगा मुजफ्फरनगर में खतौली सीट पर उपचुनाव
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: खतौली विधानसभा सीट पर छह दिसम्बर को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री के पहले दिन छह नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी थी।
बता दें कि भाजपा विधायक की सदस्यता रद्द होने के बाद विधानसभा सचिवालय की और से अधिसूचना जारी कर खतौली विधानसभा सीट रिक्त घोषित कर दी गई थी, जिसके उपरांत चुनाव आयोग ने उप चुनाव का कार्यक्रम जारी किया था। जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने बताया था कि निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार 10 नवंबर को चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। इसी दिन से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू करने की बात बताई गई थी।
जिसके अनुसार गुरुवार से नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री की गयी। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार गुरुवार को 6 नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री की गई। जिनमं दूधाहेड़ी के यशपाल, रैदासपुरी के माधवराम, सैनी नगर के राकेश सैनी, निर्मल प्रताप और खेड़ी वीरान के रमेश चंद तथा यज्ञपाल शामिल हैं।
खतौली विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर नामांकन पत्रों की बिक्री एवं नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। गुरुवार को पहले दिन रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय तक पहुंचने से पहले तीन स्थानों पर सुरक्षा चेकिंग की गई। सर्वप्रथम कचहरी गेट फिर रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय तक जाने वाली लाबी और उसके पश्चात रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में प्रवेश से पहले भी चेकिंग हुई। पुलिस, पीएसी और सीपीएफ तैनात की गई है।

