जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर निगम में आज दस लोगों ने विभिन्न समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। दो प्रार्थना पत्र वार्ड दो की पार्षद फूल कुमारी की ओर से भी दिए गए। तीन समस्याओं का समाधान किया गया, अन्य समस्याओं के समाधान के लिए नगरायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मल्हीपुर रोड वार्ड 2 की पार्षद फूल कुमारी ने सामुदायिक केंद्र शौचालय के सौंदर्यीकरण कराने तथा नालों की सफाई कराये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिए। जिस पर नगरायुक्त ने क्षेत्र के सफाई निरीक्षक को मशीनों द्वारा नालों की सफाई के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालय के सौंदर्यीकरण के लिए सहायक अभियंता को स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वार्ड 9 न्यू उत्तराखण्ड कॉलोनी निवासी पिंकु कुमार ने पानी निकासी कराने की मांग की। जिसके लिए क्षेत्रीय अवर अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आगणन प्रस्तुत करने को कहा गया।
वार्ड नंबर 6 मिशन कम्पाउंड निवासी आलोक अरोड़ा ने सफाई कराने के लिए गुहार लगायी जिस पर सफाई निरीक्षक को भेजकर तुरंत सफाई कार्य कराया गया। इसके अलावा 62 फुटा रोड मदीना कॉलोनी निवासी मौ.आकिल ने भी साफ सफाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। नगरायुक्त ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सफाई निरीक्षक को भेजकर सफाई कराने को कहा। इसके अलावा वार्ड 46 ज्ञान विहार कॉलोनी निवासी संजय शर्मा, वार्ड 26 मानकमऊ निवासी जितेंद्र सड़क व नाला निर्माण कराये जाने तथा वार्ड 6 वर्धमान कॉलोनी निवासी कमलेश गुप्ता द्वारा निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उक्त सभी मामलों में अवर अभियंता को स्थल निरीक्षण कर आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूूूद रहे।

