- स्वरोजगार योजना कौशल विकास का मासिक प्रशिक्षण शुरू
- मशीन उपकरण खरीद पर मिलेगा एक लाख रुपये अनुदान
जनवाणी संवाददाता |
शामली: खाद्य-प्रसंस्करण उद्योग नीति 2017 के अन्तर्गत महात्मा गांधी खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना कौशल विकास प्रशिक्षण उद्यमिता विकास खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंगलवार को उद्यमिता विककास खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सभासद निशी संगल शामली व खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी सहारनपुर डा. एमपी सिंह ने सयुंक्त रूप से फीता काटकर व लाभार्थियों को लेखन सामग्री वितरित करके किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित कर सभासद निशी संगल द्वारा सरकार की इस महत्वांकाक्षी योजना से प्रशिक्षण प्राप्त कर खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में लघु इकाई स्थापित कर स्वरोजगार सृजन पर जोर दिया। इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी सहारनपुर डा. एमपी सिंह ने बताया कि कम पूंजी का निवेश कर स्वरोजगार के रूप में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने से दूसरे लोगों को भी रोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा और गांव से शहर की ओर लोगों का पलायन भी रुकेगा। केंद्र प्रभारी धर्मेन्द्र राठी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आज 13 दिसम्बर 2022 से प्रारंभ होकर 11 जनवरी 2023 तक चलेगा।
जिसमें प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न प्रकार के अचार, जैम, जैली, मुरब्बा, टमाटर सॉस, कैचप, चटनी, शर्बत, स्क्वैश, मार्मलेड, टॉफी, कैंडी आदि का सैद्धान्तिक व प्रयोगात्मक कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण उपरान्त इच्छुक व्यक्तियों के प्रस्ताव तैयार कराये जाएंगे, जिसमें विभाग द्वारा मशीन उपकरण खरीद पर 1,00,000/- एक लाख रुपये अनुदान दिया जाएगा।
इस अवसर पर विशेषज्ञ कपिल कुमार, कुणाल कुमार, राहुल वर्मा, उद्योगपति रोहित गुप्ता, दिनेश मलिके व 30 प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

