- राजस्व टीम ने विभाग के डीडीसी की मौजूदगी की सुपुर्द
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: तहसील प्रशासन ने पांच अप्रैल 2022 को झिंझाना रोड पर स्थित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलवाया था। इस दौरान मौके पर किए गए निर्माण को ध्वस्त करा दिया था। साथ ही, गेहूं की फसल को नष्ट करा दिया गया था। इसमें कृषि उत्पादन मंडी समिति और चकरोड़ की भूमि शामिल थी। जिस पर स्थानीय सपा विधायक नाहिद हसन के चाचा सरवर हसन का कब्जा बताया गया था।
इस मामले में सरवर हसन के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। मंगलवार को सहारनपुर से मंडी परिषद के निर्माण विभाग के डीडीसी खालिद अहमद टीम के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति में पहुंचे। जहां उन्होंने मंडी समिति के अधिकारियों से वार्ता करते हुए मंडी समिति की भूमि के बारे में जानकारी की। इसके बाद कब्जामुक्त कराई गई उक्त भूमि को कृषि उत्पादन मंडी समिति के परिसर में शामिल कर चारदीवारी करने हेतु प्रशासन से उसे सुपुर्द कराने का आग्रह किया गया। प्रशासन ने मौके पर राजस्व टीम को जाने के निर्देश दिए।
लेखपाल मुजक्किर ने डीडीसी की मौजूदगी में टीम के साथ कब्जामुक्त कराई गई भूमि की पैमाइश करते हुए सीमांकन किया। लेखपाल मुजक्किर ने बताया कि खसरा नंबर-2265 की 0़ 4098 हेक्टेयर भूमि कृषि उत्पादन मंडी समिति की है। जिसे पूर्व में कब्जामुक्त कराया गया था। अब भूमि का सीमांकन करने के बाद कृषि उत्पादन मंडी समिति के सुपुर्द कर दिया गया है जिसकी बाउंड्री वॉल कराई जाएगी।

