- किक बॉक्सिंग खिलाड़ी हर्ष, दो गायकों का भी हुआ सम्मान
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कस्बे के भारसी मोड स्थित एक ढाबे पर एशियन चैंपियनशिप और प्रो-कबड्डी में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों, दो गायक कलाकारों का किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
क्षेत्र के गांव भारसी निवासी ग्राम प्रधान संदीप पंवार के पुत्र हर्ष पंवार ने थाईलैंड के बैंकॉक में 10 से 18 दिसंबर तक हुई एशियन चैंपियनशिप किक बॉक्सिंग में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में हर्ष पंवार के द्वारा अच्छा प्रदर्शन किया गया, लेकिन हर्ष पंवार पदक से चूक गए। वहीं क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी किसान ऋषिपाल के पुत्र साहुल कुमार ने जयपुर पिंक पैंथर की ओर से खेलते हुए मुंबई में प्रो कबड्डी टीम में अपनी टीम को प्रथम स्थान दिलाने में सफलता प्राप्त की।
दोनों खिलाड़ी मंगलवार को क्षेत्र के भारसी मोड स्थित एक ढाबे पर पहुंचे। बाद के साहुल कुमार को गांव भभीसा के ग्रामीण कस्बे से ढोल के साथ गांव लेकर पहुंचे, जहां पर ग्रामीणों ने फूलमाला पहनाकर उसका स्वागत किया।
इससे पूर्व ढाबे पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक, जिला पंचायत सदस्य अरविंद पवार, विजेंद्र, विनोद, इरफान तुर्की, लबनान चौधरी, डा. साहब सिंह, जिला पंचायत सदस्य परवेज अली, मनुज, विकास, इकराम, कपिल भारसी आदि ने गायक संजीव गांधी और नितिक्य पंवार का भी स्वागत किया।
इस मौके पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बहुत प्रतिभाएं छुपी हुई है, जिन्हें हम सबको निखारने की जरूरत है। जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने गांव, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

