- हार-जीत खेल के दो अहम हिस्से : देवेंद्र निम
जनवाणी संवाददाता |
नागल: गांव चंदेना में चल रही दो दिवसीय राज्य कबड्डी चैंपियनशिप के अंतिम दिन फाइनल में सहारनपुर की टीम ने शामली की टीम को 36-28 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया । रविवार को हुए दो अहम सेमीफाइनल मुक़ाबलों के बाद फाइनल मैच सहारनपुर और शामली के बीच खेला गया । दोनों टीमों ने एक दूसरे को छकाते हुए उकृष्ट खेल का प्रदर्शन किया ।लेकिन अंतिम क्षणों में शामली पिछड़ गई और सहारनपुर के ख़िलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए शामली को 36-28 से मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया ।
समापन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. मांगेराम वर्मा व विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि खेल में हार और जीत दो अहम भाग होते हैं । जीतने वाली टीम को और ज्यादा मेहनत करके नई नई ऊंचाइयों को छूना चाहिए और हारने वाली टीम को मायूस होने के बजाए गलतियों से सीख लेते हुए दमखम से आगे की तैयारियां करनी चाहिए । विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि चंदेना में निखारी जा रही खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन कर रही है।
इस दौरान कबड्डी संघ के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार यादव, प्रदेश सचिव पदमवीर सिंह, संयुक्त सचिव सतेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष ईश्वर पाल मुखिया, कबड्डी एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष व पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र चौधरी, जिला सचिव सुनील चौधरी, पपिन चौधरी, सँगीत सोनी चौधरी, पूर्व प्रधान कालूराम, रविकुमार, अनुराग आर्य, अनुज भोला, मनोज सोमवाल,सतेंद्र वैदिक आदि मौजूद रहे ।
दूसरे सेमीफाइनल में देखने को मिला कड़ा मुकाबला
तल्हेड़ी बुज़ुर्ग: दूसरा सेमीफाइनल मैच मुजफरनगर और सहारनपुर के बीच रोमांचक ढंग से हुआ और दोनों टीम अंतिम समय तक कड़ा संघर्ष करती रही । समय समाप्ति पर दोनों टीम 45-45 पर जूझती रही । बाद में अतिरिक्त समय मे सहारनपुर की टीम ने मुजफ्फरनगर को 1 अंक से हराकर फाइनल में पहुंच गई ।

