- युवक पूर्व में एक हत्या में गया था जेल
- पुलिस रंजिशन को आधार मानकर कर रही जांच पड़ताल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: खरखौदा थाना क्षेत्र ग्राम बिजौली में अंधेरी रात में एक युवक की धारदार हथियार से गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे लाश को गांव के बीचोंबीच छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी की।
खरखौदा क्षेत्र ग्राम बिजौली निवासी उज्जवल शर्मा उर्फ पप्पू पुत्र शिवकुमार शुक्रवार शाम घर से निकला था। वह शराब के नशे में था। इस बीच करीब साढ़े नौ बजे के आसपास गांव के बुद्धचौक बाजार में उज्जवल की लाश खून में लथपथ सड़क किनारे मिली तो ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उज्जवल की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किये गए थे।

हत्या की सूचना पर थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ग्रामीणों से की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर मेडिकल मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस उज्जवल की हत्या के आरोप में गांव के कई युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूर्व में हुई हत्या को भी उज्जवल के मर्डर से जोड़कर जांच में जुटी है। वर्ष 2020 में बिजौली निवासी कल्लू त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी की खरखौदा में डीएवी स्कूल के पास तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जिसमें कल्लू के परिजनों ने उज्जवल शर्मा को भी नामजद किया था। हत्या के आरोप में उज्जवल जेल गया था। जेल से आने के बाद से ही वह शराब का आदि हो गया था। बताया जाता है शुक्रवार शाम से ही वह शराब पी रहा था। जिसके बाद गांव में ही उसका शव खून में लथपथ हालत में ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी।

