गंभीर घायल दूसरे बाइक सवार को किया हायर सेंटर रेफर
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे पर बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत में बाइक सवार मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र निवासी युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया।
जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी सावन (20) सोमवार देर शाम देवबंद मेंं चल रहा श्री मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मेला देखने के लिए आया था। देर रात बाइक से लौटते समय जब वह स्टेट हाइवे स्थित गांव सैनपुर के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में सावन समेत दूसरी बाइक पर सवार सहारनपुर के शारदानगर निवासी विनोद (25) गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सावन को मृत घोषित कर दिया। जबकि विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
सीएचसी पहुंचे सावन के स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक सावन ने हेलमेट पहना था, लेकिन उसके शरीर के निचले हिस्सों में गंभीर चोटें आने की वजह से उसकी मौत हुई है। कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि किसी पक्ष ने भी कार्रवाई को तहरीर नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।