जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की बैठक नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जनपद के मीट सप्लायर से संबंधित खाद्य व्यापारियों को भी बुलाया गया।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट द्वारा सभी मीट सप्लायर से संबंधित खाद्य व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा 2023 के दौरान एक जुलाई से 17 जुलाई तक जनपद की मीट से संबंधित समस्त दुकाने बंद रहेंगी, यदि किसी भी मीट व्यापारी के द्वारा अपनी दुकान कावड़ यात्रा के दौरान खोली जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त बड़ी संख्या में शहर में पहुंचते हैं और ऐसे में यदि मीट की दुकानें खोली गयी, तो उनकी आस्था को ठेस पहुंच सकती है और ऐसे में साम्प्रदायिक तनाव भी पनप सकता है। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है कि कांवड यात्रा के दौरान मीट की दुकानों को पूर्णतया बंद रखा जाये।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य डॉ चमन लाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ विकास कुमार, डॉ.अनिल कुमार कौशल, डॉ मनोज कुमार, राजीव कुमार, प्रेम कुमार त्रिपाठी, राकेश कुमार, अशोक कुमार व समस्त मीट से संबंधित सप्लायर उपस्थित रहे।