जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर निगम द्वारा महानगर में चलाये जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत आज जीपीओ रोड के डिवाडडर पर मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर व नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज सहित अनेक अधिकारियों और पार्षद ने पौधारोपण किया।
शासन से निगम को आठ हजार का लक्ष्य दिया गया है लेकिन नगर निगम ने महानगर में 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि यदि पर्यावरण संतुलन को बनाये रखना है तो वृक्षों को बचाना होगा और पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाना होगा। नगर निगम द्वारा ‘‘वृक्ष महोत्सव’’ के अंतर्गत आज जीपीओ रोड स्थित डिवाइडर और रायवाला स्थित निगम के उद्यान में करीब आठ हजार पौधों का रोपण किया गया।


