- सीएचसी से उपस्थिति रजिस्टर गायब होने का मामला
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सीएमओ ने थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करते हुए इमरजेंसी ड्यूटी से नदारद डाक्टर की जांच पड़ताल की। साथ ही, चिकित्सकों को ड्यूटी पर तैनात रहने की हिदायत दी।
बुधवार को सीएमओ वीर बहादुर ढाका थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ सफाई व्यवस्था को जांचा परखा और हाजिरी रजिस्टर चेक करते हुए पूर्व में चोरी हुए रजिस्टर के बारे में जानकारी की। सीएमओ ने जानकारी देते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली गई है। सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को सीएचसी पर ही ड्यूटी के दौरान तैनात रहने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इमरजेंसी ड्यूटी से नदारद रहने के मामले में डा. दिग्विजय की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अगर कोई स्वास्थ्य कर्मी लापरवाही बरतेगा तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी। सीएमओ वीर बहादुर ढाका ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो वही अस्पताल के बाहरी प्रांगण में मौजूद शौचालय की गंदगी को देख कड़ी फटकार लगाई। सीएमओ के निरीक्षण कर वापस लौटते ही स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली है।

