- 50 केवीए के कनेक्शन के लिए इंडस्ट्री लगाने वालों को खुद उठाना होगा सारा खर्च
- अब तक केवल कनेक्शन के लिए सिर्फ तय शुल्क देने तक का था प्रावधान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक से 50 केवीए का बिजली कनेक्शन लेने के लिए कारोबारियों को पहले से ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। दरअसल, सूबे के बिजली महकमे को उबारने के नाम पर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने नए उद्यम लगाने की सोच रहे या तैयारी कर रहे कारोबारियों की जेब ढीली करना तय कर लिया है। इसके बाद अब उद्यमियों के लिए कनेक्शन लेना महंगा होगा, विद्युत सामग्री 30 प्रतिशत तक महंगी, उद्योगों के लिए 50 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव, पहले से ही घाटे में चल रहे उद्योग लगाने से पहले नए कारोबारी सौ बार सोंचेगे।

वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने इस संबंध में बीते 26 अगस्त को प्रबंध निदेशक पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अलावा पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, वाराणसी, लखनऊ, आगरा, केसकों व कानपुर के प्रबंधों को पत्र लिखकर एलटी नेटवर्क (220 वोल्ट-01 फेस/440 वोल्ट-03 फेस) पर 50 केडब्लू भारत तक के नए विद्युत कनेक्शन के लिए कास्ट डाटा को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष व व्यापारी नेता लोकेश अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के इस नए प्रस्ताव को छोटे उन कारोबारियों या उद्यमियों के लिए नुकसानदेह बताया है जो नए उद्यम लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस को लेकर विचार किया जाए। इस प्रकार की व्यवस्था लायी जाए ताकि छोटे उद्यम लगाने वाले प्रोत्साहित हो सकें।

