जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 42वें ओवर में 276 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंद में 12 रन बना सके। मदुशंक का यह चौथा विकेट रहा। इससे पहले वह रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल को भी पवेलियन भेज चुके हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 279 रन है। फिलहाल श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।
बता दें कि आज विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया छह में से छह मुकाबले जीतकर मजबूत स्थिति में है, जबकि श्रीलंका ने छह में से सिर्फ दो मैच जीते हैं। चार मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। आज जीत से भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगा। वहीं, श्रीलंका के लिए यह करो या मरो मुकाबला है। हार से उसका रास्ता बेहद मुश्किल हो जाएगा। श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

