- पार्क में कई जगहों से चारदीवारी टूटी, टाइल्स भी जगह-जगह से उखड़ी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मलियाना में आम्बेडकर पार्क में इन दिनों बदहाली चरम पर हैं। पार्क की जहां एक तरफ कई जगहों से चारदीवारी टूटी हुई पड़ी है, वहीं दूसरी तरफ पार्क के अंदर रास्ते में लगी टायल्स भी जगह-जगह से उखड़ी पड़ी है। पार्क के अंदर घास की जगह झाड़ियां खड़ी हैं। इस दौरान पार्क में घूमने आने वाले लोगों को कीड़े कांटे का भी डर बना रहता है कि कहीं घास-फूंस में कोई सांप आदि न पड़ा हो। फिलहाल पार्क में बदहाली साफ दिखाई दे रही है। शहर में अधिकतर पार्क रखरखाव के अभाव में बदहाल पड़े हैं।

शहर में 580 पार्क हैं, जिनकी देखरेख के लिए नगर निगम की तरफ से 31 कर्मचारी रखे हुए हैं। उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार के अनुसार किसी पार्क पर स्थाई रूप से ड्यूटी नहीं लगाई गई। जिस पार्षद को पार्क में साफ-सफाई कराने या पेड़ों व घास आदि में पानी देने की जरूरत होती है तो टीम भेजकर साफ-सफाई एवं अन्य कार्य करा दिए जाने की बात कही है। लेकिन कुछ पार्क ऐसे भी हैं, जिनमें सायद काफी समय से कोई कार्य हुआ ही नहीं। शहर में कुछ निजी पार्क भी हैं, जिनकी हालत निगम के पार्कों से बेहतर हैं।

गुरुवार को मलियाना के आम्बेडकर पार्क को जनवाणी की टीम ने जाकर देखा तो वहां पर पार्क की कई जगह से दीवार टूटी मिली। पार्क के अंदर जो रास्ते पर टायल्स लगी हुई थी वह भी उखड़ी हुई दिखाई दी। जिसमें कई जगह से रास्ता खराब दिखाई दिया। पार्क के अंदर हरी घास तो दिखाई कम दी, लेकिन झाड़ियां काफी दिखाई दी। यदि देखा जाए तो पार्क में बदहाली चरम पर दिखाई दी। पार्क की देखरेख नगर निगम कर रही है या स्थानीय लोग उसकी जानकारी के लिए निगम के उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार से संपर्क किया, लेकिन उनके मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका।

