- 300 के पास पहुंचा मेरठ का एक्यूआई, खराब हो गई हवा में सांस लेने में दिक्कत
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: एनसीआर में हवा बिगड़ गई है। प्रदूषण की स्थिति खराब हो रही है। जिस कारण से दिवाली से पहले ही हवा के बिगड़ने से हालात विकट होने लगे हैं। सुबह से लेकर शाम तक धुंध बनी हुई थी। गुरुवार को मेरठ का एक्यूआई सामान्य से कई गुणा बढ़ गया। ग्रीन श्रेणी में होना चाहिए प्रदूषण अब लाल श्रेणी में पहुंच गया है और लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। मेरठ का एक्यूआई 283 दर्ज किया है, जो बहुत ही खराब स्थिति में पहुंच गया है।
300 के पास पहुंचा एक्यूआई से शहर में दिन भर प्रदूषण का छाया बना रहा। बागपत 249, मुजफ्फरनगर 237, गाजियाबाद 298, हापुड़ 310, नोएडा 280 दर्ज किया गया है। शहर में जयभीमनगर 293, गंगानगर 341, पल्लवपुरम 216 दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते प्रदूषण के चलते दिवाली से पहले ही प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
खतरनाक स्तर पर पहुंचता प्रदूषण शहरवासियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत दमा रोगियों को होती है। दमा मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने से उनकी परेशानी बढ़ जाती है। तेज धूप और तेज हवा के चलते ही प्रदूषण कम हो सकता है।
धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड
ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार नवंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह से ठंड में बढ़ोतरी होगी। अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। गुरुवार को मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अधिकतम आर्द्रता 90 व न्यूनतम 55 प्रतिशत दर्ज की गई। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के चलते वेस्ट यूपी में मौसम बदलेगा और ठंड में इजाफा होगा।
ये रहा हाल
जयभीमनगर 293
गंगानगर 341
पल्लवपुरम 216
कैंट चौराहा 250
हापुड़ अड्डा 355
इंदिरा चौक 288
भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय के निकट कूड़े में लगी आग, फैला प्रदूषण
बागपत रोड स्थित हरमन सिटी स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कैंप कार्यालय के निकट माइनर पटरी किनारे सड़क पर जगह-जगह कूड़े के ढेर पडेÞ हुए हैं। जिसमें मार्ग से होकर गुजरने वाले लोगों के साथ भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आने वाले लोग भी बदबू से बेहाल दिखाई देते हैं। माइनर की पटरी पर करीब 200 मीटर की दूरी तक कूड़े के ढेर फैले हुए हैं। जहां एक तरफ लोग इन कूड़े के ढेरों की गंदगी से परेशान हैं
तो वहीं कई दिनों से लगातार इन कूड़ों के ढेरों में जो आग लगी है, उसके धुएं के प्रदूषण से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इस माइनर की पटरी पर कोई कूड़ा डालने के लिए डंपिंग ग्राउंड नहीं है, उसके बावजूद निगम के वाहनों द्वारा कूड़ा आदि डाल दिया जाता है। कई बार निगम के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन शिकायत का कोई समाधान नहीं हो सका। कूडेÞ के ढेरों में लगी आग से उसमें उठ रहे धुएं से प्रदूषण फैल रहा है।

