- महानगर और आसपास के जनपदों में निगम उपलब्ध कराएगा पर्याप्त बसें
- महानगर के अंदर संचालित होने वाली बेस भी केंद्रों तक पहुंचाएंगी परीक्षार्थियों को
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज मेरठ के 59 परीक्षा केंद्रों पर यूपीपीएससी आरओ-एआरओ 2024 परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। इस परीक्षा के लिए जनपद के सभी केंद्रों पर 27691 परीक्षार्थियों में पंजीकरण कराया हुआ है। परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए जनपद में 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इसके अलावा 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं। वहीं, दूसरी ओर महानगर और आसपास के जिलों के परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और महानगर सेवा की ओर से पर्याप्त तैयारी कर ली गई हैं।
यूपीपीएससी आरओ एआरओ परीक्षा उत्तर प्रदेश की बड़ी परीक्षाओं में से एक है। उत्तर प्रदेश सरकार में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी बनने के लिए 10 लाख 69 हजार 725 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यूपीपीएससी आरओ एआरओ परीक्षा आज दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दोपहर में 2.30 बजे से 3.30 बजे तक होगी। इन परीक्षाओं के लिए जनपद में 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनके लिए पंजीकरण करने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 27691 है।

सेवा प्रबंधक लोकेश राजपूत ने बताया कि आरएम संदीप नायक की ओर से सभी एआरएम और केंद्र प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, नजीबाबाद आदि मार्गों पर यात्रियों की संख्या की संख्या को देखते हुए उनकी सुविधा के अनुसार बसों का संचालन कराए जाने के बारे में निर्देशित किया गया है। वहीं, महानगर सेवा के अंतर्गत चलने वाली इलेक्ट्रिक, सीएनजी और वोल्वो बसों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें यात्रियों की संख्या को देखते हुए संबंधित मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाने के लिए कहा गया है।
अभ्यर्थियों को इन नियमों का करना होगा पालन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यूपीपीएससी आरओ एआरओ परीक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देश के अनुसार यूपीपीएससी आरओ एआरओ परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले एग्जाम सेंटर पर रिपोर्ट करनी होगी। परीक्षा केंद्र के अंदर निर्धारित समय से 10 मिनट पहले तक ही एंट्री दी जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी भी ली जाएगी।

