- कमिश्नर, डीएम और मेडा उपाध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देश की प्रथम सेमी हाई स्पीड रैपिड ट्रेन के मेरठ आगमन की तैयारियां लगभग अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, जिलाधिकारी दीपक मीणा और मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने परतापुर जाकर रैपिड की तैयारियों का जायजा लिया। सभी अधिकारियों ने यहां अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बताते चलें कि अगले माह रैपिड मेरठ में प्रवेश करेगी। इसके लिए मेरठ साउथ स्टेशन पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कमिश्नर डीएम और मेडा उपाध्यक्ष ने सभी तकनीकी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेरठ साउथ स्टेशन की बिल्डिंग और ट्रैक का भी जायजा लिया। इन वरिष्ठ अधिकारियों के मेरठ साउथ स्टेशन के दौरे के बाद अब इस बात की उम्मीद की जा रही है कि मार्च में रैपिड ट्रेन मेरठ तक पहुंच जाएगी। इसके लिए ट्रायल जारी हैं। फाइनल ट्रायल का इंतजार किया जा रहा है। रैपिड सूत्रों के अनुसार फाइनल ट्रायल शीघ्र ही कर लिया जाएगा।

