- चोरी की 30 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियों को ठिकाने लगा चुके अज्जू और गद्दू की तलाश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर बाजार थाना के सोतीगंज व रविंद्रपुरी सदर में मंगलवार तड़के दिल्ली पुलिस ने दबिश दी। करीब तीन दर्जन से ज्यादा पुलिस कर्मियों ने पूरा इलाका घेर लिया। पुलिस की दबिश की खबर से अल सुबह इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि किसी प्रकार का हंगामा या विरोध नहीं किया गया, लेकिन लोगों का इतना जरूर कहना था कि आए दिन पुलिस की दबिशों से जीना मुहाल हो गया है।
क्षेत्र की सुख शांति शातिर कबाड़ियों की वजह से छिन गयी है। सूत्रों ने जानकारी दी कि दिल्ली के थाना राजोरी गार्डन व इंद्रापुरम थाना की पुलिस ने दबिश दी। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने थाना सदर बाजार में आमद दर्ज करायी। आसपास के लोगों ने बताया कि दबिश के दौरान थाना सदर बाजार पुलिस भी मौजूद थी।
हालांकि जिन अज्जू व गद्दू की तलाश में दबिश दी गयी थी वो पहले ही फरार हो गए थे या कहें घर में मिले ही नहीं। जब पुलिस उनके घर में घुसी तो परिवार की महिलाओं ने काफी शोरशराब किया। काफी देर तक इसको लेकर हंगामा चलता रहा। बताया गया है कि किसी बदमाश को लेकर पुलिस दबिश को पहुंची थी।

सीसीटीवी कैमरे बने मददगार
सोतीगंज में अरसे से कबाड़ियों की तलाश में देश के दूसरे राज्यों की पुलिस की दबिशों का सिलसिला चला आ रहा है, लेकिन कभी कभार ही वांछित पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पूरे सोतीगंज और सदर के उन दूसरे इलाकों में जहां कबाड़ियों का ठिकाना है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है।
जानकारों की माने तो सीसीटीवी का यह जाल खुद कबाड़ियों ने ही बिछवाया है ताकि दबिश की सूचना पहले ही मिल जाए और पुलिस जो जाल बिछाती है उसमें फंसने से बचा जा सके। सीसीटीवी कैमरों से पहले ही पता चल जाता है कि पुलिस की दबिश हुई है।
जब पुलिस वाले सोतीगंज या सदर के उन दूसरे ठिकानों जहां पर कबाड़ियों के ठिकाने बने हुए वहां एंट्री करती है तो उसकी खबर पहले ही सीसीटीवी की मदद से कबाड़ियों को मिल जाती है और पुलिस के पहुंचने से पहले ही कबाड़ी अपने घर से सुरक्षित निकल जाते हैं।

