जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कथित तौर पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सौंपते हुए निजी कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, इस संबंध में न तो पूनावाला की ओर से कोई विस्तृत बयान जारी किया गया है और न ही भाजपा ने आधिकारिक तौर पर इस्तीफे की पुष्टि की है।
एक्स प्रोफाइल में किया बदलाव
इस्तीफे की चर्चाओं के बीच शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल में भी बदलाव किया है। उन्होंने अपने बायो से भाजपा का उल्लेख हटा दिया है। हालांकि, उन्होंने खुद को अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “जीवनभर का समर्थक” बताया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने गुरुवार को यह बदलाव किया, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की।
2017 में भाजपा में हुए थे शामिल
शहजाद पूनावाला वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर उठे विवाद के बाद उन्होंने कांग्रेस से दूरी बना ली थी। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई और वे पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।
टीवी बहसों में रहे भाजपा का प्रमुख चेहरा
भाजपा में रहते हुए शहजाद पूनावाला टीवी डिबेट, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों के मुखर समर्थक माने जाते हैं। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं पर कई मौकों पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए।
फिलहाल, उनके कथित इस्तीफे को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। पार्टी या शहजाद पूनावाला की ओर से औपचारिक पुष्टि होने के बाद ही इस मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

