जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज शनिवार को अपरान्ह तीन बजे 18वीं लोकसभा के लिए इलेक्शन कमीशन चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा करेगा। साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। संभावना है कि 543 सीटों के लिए सात या आठ चरणों में मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की भी घोषणा कर सकता है।
97 करोड़ मतदाता कर सकेंगे अपने हक का उपयोग
इस चुनाव में करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। देशभर में 12 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। आयोग के अनुसार, मतदाता सूची में 18 से 29 साल की उम्र वाले दो करोड़ नए मतदाता जोड़े गए हैं।
चार राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल भी जून में खत्म हो रहा
मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। इससे पहले, नई लोकसभा का गठन करना अनिवार्य है। ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश व अरुणाचल प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून में खत्म हो रहा है। इन राज्यों में चुनाव तारीखों की भी घोषणा होगी। अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड परीक्षा, त्योहार व सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता को देखते हुए तारीखें तय की जाएंगी।

