- युवक को गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में कराया भर्ती, परिजनों ने दी तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: शनिवार को सरधना के राजपुर मोमन गांव में खेत पर काम कर रहे एक किसान को युवक ने तमंचे से गोली मार दी। गोली युवक के गाल को चीरते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद किसान उस ओर दौड़े तो आरोपी तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया। परिजन घायल को सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर देखते हुए युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के राजपुर मोमन गांव निवासी अनुज पुत्र यशपाल शनिवार के खेत पर गन्ने की छिलाई कर रहा था। तभी गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और अनुज से कुछ पूछने लगा। उसने जानकारी होने से इंकार किया तो आरोपी ने गाली गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने तमंचा निकाल कर सीधे अनुज पर फायर कर दिया। गोली अनुज के गाल को चीरते हुए निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपसा खेतों में मौजूद किसान उस ओर दौड़ पड़े।
किसानों को आता देख आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। परिजन आनन फानन में युवक को सरधना सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।

जमीनी विवाद में युवक को किया अधमरा
सरधना: शुक्रवार की रात सरधना के जुल्हैड़ा गांव में जमीनी विवाद में कुछ लोगों ने एकयुवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के जुल्हैड़ा गांव निवासी अंकित त्यागी पुत्र सतबीर त्यागी ने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से उनका जमीनी विवाद चल रहा है। शुक्रवार की रात वह अपने घर आराम कर रहा था। तभी आरोपियों ने वहां आकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को पीट पीटकर अधमरा कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उस ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए पुलिससे कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
दूसरे दिन भी नहीं हुई युवती के शव की शिनाख्त
सरूरपुर: शुक्रवार रात करनावल के पास रजवाहे में एक बोरे में बंद 25 वर्षीय युवती की लाश मिली थी। पुलिस ने युवती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और मौके पर शिनाख्त के प्रयास किए थे, लेकिन कोई पहचान युवती की नहीं हो पाई थी। इस मामले में दूसरे दिन भी पुलिस शव की शिनाख्त कराने में विफल रही। हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि शीघ्र ही युवती की शिनाख्त कर खुलासा किया जाएगा।
संभवत युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या करके शव बोरे में बंद करके यहां फेंका गया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि दो टीमों का हत्याकांड के खुलासे के लिए गठन किया गया है। पुलिस का मानना है कि फिलहाल शव देखने में लग रहा है कि युवती आसपास के र्इंट-भट्ठों पर काम करने वाली लग रही है। फिलहाल पुलिस इस प्रकरण को लेकर गहनता से जांच पड़ताल करके खुलासे के लिए जुटी हुई है।

