- आठ माह पहले हुए थी शादी, मायके वालों का थाने पर हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदा फार्म इलाके में एक विवाहिता की तेजाब पिलाकर हत्या कर दी गयी। घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने इस मामले में पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि हापुड़ निवासी आयशा का करीब आठ माह पूर्व जैदी फार्म निवासी जावेद से निकाह हुआ था। थाने पहुंचे आयशा के परिजनों ने बताया कि शादी में खूब दान दहेज दिया गया था। बारात की भी अच्छी दावत की गयी थी।
इसके बावजूद जावेद व उसकी मां और दहेज व नकदी लाने के लिए आए दिन आयशा के साथ मारपीट किया करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आयशा निकाह के बाद पहली बार अपनी ससुराल पहुंची तो वहां मौजूद जावेद पक्ष के लोगों ने दहेज को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत जब पति से की तो उसने भी डांट फटकार कर चुप रहने को कहा। दहेज को लेकर ससुराल में अपने साथ किए जा रहे बुरे व्यववहार की शिकायत आयशा ने मायके वालों से की। मायके वालों ने जावेद व उसकी मां सलमा से इसको लेकर बातचीत की।
उनसे कहा कि परेशान ना करें। अन्य रिश्तेदारों से भी इसको लेकर बातचीत की गयी। मायके वालों का कहना है कि तमाम प्रकार से कोशिशों के बाद भी ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला। वो अब मारपीट पर उतर आए थे। इसको लेकर आयशा ने अनेक बार अपने परिवार वालों से शिकायत भी की। लेकिन आज रात उन्हें पता चला कि आयशा की मौत हो गयी है। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ा दी जाएंगी।
पिस्टल लहराने वाले सपा नेता के खिलाफ मुकदमा
मेरठ: मारपीट के दौरान पिस्टल लहराने वाले सपा नेता के खिलाफ लिसाड़ीगेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि सपा नेता हाजी आजम ने अपने पुत्र मोहसीन व अन्य सलीम तथा फरमान आदि के साथ मिलकर जिशान पुत्र फैजान निवासी श्यामनगर के साथ मारपीट की। हालांकि घटना को लेकर पीड़ित ने भी थाने पर सभी के नामों का उल्लेख करते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने अपनी ओर से जो मुकदमा लिखा है, उसमे केवल सपा नेता हाजी आजम का आरोपी बनाया गया है।

उसकी गिरफ्तारी को पुलिस लगातार दबिशें दे रही है, लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लगाया जा सका है। वहीं, दूसरी ओर पीड़ित के साथ की गयी मारपीट की घटना को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में मारपीट करने वालों में शामिल एक शख्स पिस्टल लहराता हुआ साफ नजर जा रहा है। घटना से इलाके में दहशत है। पुलिस को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली मौके पर सीओ आशुतोष कुमार स्वयं पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस घटना के आरोपियों को लेकर सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।

