- भाजपा पर समाज की अनदेखी करने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: तमाम कोशिश के बाद भी क्षत्रिय समाज का भाजपा के खिलाफ विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सरधना के खेड़ा गांव में विशाल क्षत्रिय स्वभिमान महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें समाज के नेता भाजपा के खिलाफ जमकर दहाड़े। महापंचायत में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे। घंटों चली महापंचायत में क्षत्रिय समाज ने एक सुर में ऐलान कर दिया कि भाजपा को हराने का काम करेंगे। क्षत्रिय समाज स्वाभिमान बचाने के लिए भाजपा को उखाड़ फेंकने में भी कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज ने भाजपा को सींचने का काम किया है। आज उसका सिला यह मिल रहा है कि समाज की अनदेखी की जा रही है। क्षत्रिय समाज इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। राजस्थान से आए श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष प्रताप सिंह कालवी ने कहा कि क्षत्रिय समाज ने देश को बचाने के लिए अपनी जान और रजवाड़े कुर्बान कर दिए। वहीं क्षत्रिय समाज अपमान झेल रहा है। क्षत्रिय समाज जागरूक हो गया है। भाकियू भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने भी भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
कहा कि क्षत्रिय समाज किसी पार्टी का वोट बैंक नहीं है। भाजपा को क्षत्रिय समाज की अनदेखी और अपमान करने का खामियाजा लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। राजपूत उत्थान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सोम ने कहा कि भाजपा भी पार्टी और प्रत्याशी भाजपा को हराने का काम करेगा। क्षत्रिय समाज उसी को वोट देगा। महापंचायत में निर्णय लेते हुए सभी ने एक सुर में कहा कि भाजपा को जो भी हराएगा,
क्षत्रिय समाज उसी को वोट देगा। महापंचायत की अध्यक्षता विभिन्न जाति के पांच पंचों ने की। जिसमें पंच मौ. उस्मान सोम रियावली नंगला, कुशावह चौबीसी के अध्यक्ष घासीराम ठाकुर, बुद्ध सिंह महाशय, पंडित मायाप्रकाश शर्मा शामिल रहे। महापंचायत में हजारों की संख्या में भीड़ शामिल रही।
भाजपा के विकल्प पर जवाब नहीं
महापंचायत में क्षत्रिय समाज के नेताओं ने भाजपा के खिलाफ वोट करने की बात कही। मगर देश की सरकार के रूप में भाजपा की जगह दूसरे विकल्प पर कोई जवाब नहीं बना। इस सवाल पर यही जवाब था कि पहले भाजपा को हराएंगे। सरकार बनाने की बात उसके बाद देखेंगे।

